यूपीसीडा की टीम ने एक हजार से अधिक अवैध खोखे व झुग्गियां हटाईं
गाजियाबाद। लोहा मंडी और एसएसजीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के कारण जाम, गंदगी और आपराधिक गतिविधियों की शिकायतों के बाद यूपीसीडा ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। उप महाप्रबंधक सलिल यादव के नेतृत्व में टीम ने दोनों औद्योगिक क्षेत्रों में बुलडोजर चलाकर एक हजार से अधिक अवैध खोखे, झुग्गियां और ठेलियां हटाईं। कार्रवाई के दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासनिक टीम ने अभियान जारी रखा। औद्योगिक संगठनों की ओर से लंबे समय से उद्योग बंधु की बैठकों में अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने, गंदगी फैलने और आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि की शिकायतें उठाई जा रही थीं। विशेष रूप से शाम के समय फैक्ट्रियों से काम समाप्त कर लौटने वाली महिला कामगारों के साथ छेड़खानी की शिकायतों के बाद अतिक्रमण हटाने की मांग तेज हो गई थी।महिला कामगार से छेड़खानी की घटना के बाद बढ़ी कार्रवाई की मांग: तीन दिन पहले एक महिला कामगार के साथ आमलेट के खोखे के पास खड़े कुछ शराबियों द्वारा कथित रूप से छेड़खानी की घटना सामने आई थी। घटना के बाद मौके पर हंगामा हुआ था और पुलिस को भी बुलाया गया था। इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अतिक्रमण के मुद्दे पर कार्रवाई की मांग और तेज हो गई। सड़क किनारे लगे खान-पान के खोखे और ठेलियों के आसपास असामाजिक तत्वों के जमावड़े की शिकायतें भी मिल रही थीं। इसके अलावा ठेलों और खोखों पर खाने के बाद दोना-पत्तल, पॉलिथीन और अन्य कूड़ा नाले-नालियों में डाल दिया जाता था। इससे नाले बार-बार चोक हो जाते थे और बारिश या नालियों का पानी सड़कों पर भरने की समस्या उत्पन्न हो रही थी।
स्ट्रीट लाइट लाइन में डाल रखी थी अवैध कटिया: अतिक्रमणकारियों द्वारा खोखों और दुकानों पर लाइट, पंखे और इन्वर्टर चलाने के लिए स्ट्रीट लाइट की बिजली लाइन में कथित रूप से अवैध कटिया डालने की शिकायत भी सामने आई। अधिक लोड होने पर एमसीबी ट्रिप हो जाती थी, जिससे सड़क की स्ट्रीट लाइट बंद हो जाती थी और क्षेत्र में अंधेरा छा जाता था। उद्यमियों का कहना है कि अंधेरा होने से असामाजिक गतिविधियों की आशंका और बढ़ जाती थी। यूपीसीडा के उप महाप्रबंधक सलिल यादव ने बताया कि लोहा मंडी और एसएसजीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। पहले चरण में एक हजार से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं। अभियान अगले तीन से चार दिन तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यूपीसीडा का लक्ष्य औद्योगिक क्षेत्रों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराना और मार्गों को सुगम बनाना है, ताकि उद्योगों और यहां काम करने वाले श्रमिकों को जाम, गंदगी और असुरक्षा जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।
Tags
गाजियाबाद