दिल्ली के थानों में शुरू हुआ ‘थाना दिवस’, हर शनिवार को होगी जन सुनवाई

शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से एलजी की पहल पर शुरू हुई व्यवस्था

नई दिल्ली। राजधानी में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने नई पहल शुरू की है। उपराज्यपाल (एलजी) सरदार तरणजीत सिंह संधू के निर्देश के बाद दिल्ली के सभी थानों में प्रत्येक शनिवार को ‘थाना दिवस-जन सुनवाई’ का आयोजन किया जाएगा। थाना दिवस के तहत प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संबंधित थानों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस दौरान आम नागरिक सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें, स्थानीय सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था संबंधी मुद्दे रख सकेंगे। नागरिक अपने क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दे सकेंगे। पुलिस का उद्देश्य छोटी-मोटी शिकायतों, स्थानीय विवादों और क्षेत्रीय समस्याओं का प्राथमिक स्तर पर ही समाधान करना है, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस नई पहल के तहत शनिवार को पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले के कई थानों में जन सुनवाई आयोजित की गई। मयूर विहार, लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार, गांधी नगर और विवेक विहार सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। शाहदरा जिले के विवेक विहार थाने में आयोजित जन सुनवाई में एक दर्जन से अधिक स्थानीय नागरिक पहुंचे। लोगों ने सिविक एजेंसियों से जुड़ी समस्याओं, क्षेत्र में स्नेचिंग की घटनाओं और घरेलू विवादों से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। पुलिस अधिकारियों ने कई मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया शुरू कर दी।
शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि ‘थाना दिवस’ का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को और मजबूत करना है। इस पहल के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
दिल्ली पुलिस की इस पहल से आम जनता और पुलिस के बीच संवाद बेहतर होने तथा स्थानीय स्तर की शिकायतों के समाधान में तेजी आने की उम्मीद है। वहीं, पुलिस अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को सीधे समझने का अवसर मिलेगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने