ग्रेटर नोएडा में बच्ची की हत्या कर शव को बोरे में ले जाने वाला दरिंदा पुलिस एनकाउंटर में ढेर

पिस्टल बरामद कराने ले जाते समय पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल; अस्पताल में मौत

ग्रेटर नोएडा।
इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दौनी इलाके में 7 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने के आरोपी को शनिवार शाम पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह का कहना कि आरोपी को उसके द्वारा छिपाई गई पिस्टल बरामद कराने के लिए ले जाया गया था। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान नोएडा पुलिस का एक कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हुआ है।
डीसीपी के अनुसार, मुठभेड़ शनिवार शाम करीब 5 बजे इकोटेक थाना क्षेत्र के टिड्डी पार्क के पास हुई। मृतक आरोपी की पहचान बलराज (32) के रूप में हुई है।
28 अगस्त को लापता हुई थी बच्ची: घटना इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दौनी इलाके की है। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को बच्ची अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच टीमें गठित कीं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्ची अपने पड़ोसी बलराज के साथ जाती दिखाई दी। इसके बाद एक अन्य फुटेज में आरोपी कथित तौर पर बोरे में बच्ची को ले जाते हुए नजर आया। बच्ची के परिजनों ने आरोपी बलराज को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शनिवार दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची के चाचा के यहां किराए पर रहता था आरोपी: पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी बलराज बच्ची के चाचा के यहां किराए पर रहता था। ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हुई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शुक्रवार को रक्षाबंधन वाले दिन बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगा दिया। बच्ची को बोरी में भरकर आरोपी के ले जाने का वीडियो भी सामने आया। बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने की बात भी पुलिस ने कही है।
पिस्टल बरामदगी के दौरान पुलिस पर चलाई गोली: पुलिस उपायुक्त के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने एक पिस्टल छिपा रखी है। इसके बाद पुलिस टीम उसे पिस्टल बरामद कराने के लिए टिड्डी पार्क के पास लेकर गई। आरोप है कि वहां पहुंचते ही बलराज ने छिपाई हुई पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बलराज गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने