लूटे गए कुंडल को बेचकर बचे 16 हजार रूपए आरोपी से बरामद, फरार साथी की तलाश जारी
गाजियाबाद। थाना लोनी क्षेत्र में स्वाट टीम ग्रामीण जोन और लोनी पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान चेन छिनैती के मामले में वांछित एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, 16 हजार रुपये नकद और मुथूट फाइनेंस की एक पर्ची बरामद की है। आरोपी ने एक सप्ताह पहले इलाके में एक महिला दुकानदार से सोने के कुंडल की लूट की थी। आरोपी ने कुंडल बेचे थे जिसमें से 16 हजार रूपए पुलिस ने बरामद किए हैं।
लोनी एसीपी रामकिशन ने बताया कि थाना लोनी पुलिस टीम निठोरा अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश मोटरसाइकिल से निठोरा की ओर से आने वाले हैं। कुछ देर बाद पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर तेज रफ्तार से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो भागते समय बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। आरोप है कि इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान मो. आसिफ पुत्र मो. यूनुस, निवासी सुल्तान नगर, मुस्तफाबाद, लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी दानिश के साथ 23 अगस्त की रात सितारा मस्जिद रोड, मुस्तफाबाद स्थित एक परचून की दुकान पर बैठी महिला के गले से चेन छीन ली थी। आरोपी के अनुसार, छीनी गई चेन बेचने के बाद उसके हिस्से में 40 हजार रुपये आए थे, जिसमें से खर्च करने के बाद उसके पास 16 हजार रुपये बचे थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल, 16 हजार रुपये नकद और मुथूट फाइनेंस की एक पर्ची बरामद की है। आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। आरोपी के फरार साथी की तलाश भी जारी है।
Tags
गाजियाबाद