एक और निर्भया कांडः दिल्ली पहुंचने तक चलती बस में यूपी की किशोरी से गैंगरेप

पीड़िता ने कश्मीरी गेट थाना पुलिस को सूचना दी, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ़्तार  

नई दिल्ली।
 देश की राजधानी में एक बार फिर 'निर्भया कांड' की तर्ज पर एक 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा से सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा को सुनसान रास्ते पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद दोनों आरोपी छात्रा को कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर छोड़कर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बस को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 16 वर्षीय छात्रा 4 अगस्त की रात अपनी मां की डांट से नाराज होकर बिना बताए नोएडा के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह रास्ते में परी चौक पर उतर गई। वहां उसने नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए एक स्लीपर बस को रुकवाकर रास्ता पूछा। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने उसे सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कहकर बस में बैठा लिया।
पर्दे वाली बस में वारदात का आरोप: पुलिस जांच में सामने आया कि स्लीपर बस सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप में मरम्मत के बाद खाली लौट रही थी। छात्रा के बस में बैठने के कुछ देर बाद ही कंडक्टर ने कथित तौर पर उसके साथ गलत हरकत शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि बाद में ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि बस के अंदर पर्दे लगे हुए थे। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने इन्हीं पर्दों की आड़ में वारदात को अंजाम दिया, जिससे बाहर से बस के अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही थीं।
सीसीटीवी से पुलिस ने ट्रेस की बस-ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ़्तार : घटना के बाद पीड़िता ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी के नेतृत्व में टीम गठित कर परी चौक से कश्मीरी गेट तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके आधार पर बस के रूट और उसकी पहचान की गई। जांच के बाद पुलिस ने ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन बस में खराबी आने के बाद दोनों आरोपी उसे मरम्मत के लिए सूरजपुर, नोएडा की एक वर्कशॉप में ले गए थे। मरम्मत पूरी होने के बाद वे बस को खाली तिमारपुर की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। बस की फोरेंसिक जांच के साथ-साथ घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
14 साल पहले दिल्ली में हुआ था निर्भया कांड: 16 दिसंबर 2012 की रात दिल्ली में 23 साल की युवती के साथ चलती बस में गैंगरेप किया गया। उसके प्राइवेट पार्ट में सरिया डाला गया था। गंभीर चोटों के चलते युवती को सिंगापुर रेफर किया गया, जहां 29 दिसंबर को अस्पताल में मौत हो गई। मामले में दिल्ली समेत पूरे देश में विरोध प्रदर्शन हुआ। मीडिया में इसे निर्भया केस नाम दिया गया। मामले में 6 लोग आरोपी बनाए गए थे। एक आरोपी नाबालिग था, एक आरोपी ने जेल में सुसाइड कर लिया था। चार दोषियों मुकेश सिंह, पवन गुप्ता, विनय शर्मा और अक्षय कुमार सिंह को मौत की सजा सुनाई गई। चारों को 20 मार्च 2020 को दिल्ली की तिहाड़ जेल में फांसी दी गई।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने