टीला मोड़ पुलिस ने कार में छिपाकर लाई जा रही 25 पेटी अवैध शराब पकड़ी, दो गिरफ्तार

पांच हजार रुपये के लालच में करते थे हरियाणा मार्का अवैध शराब की तस्करी

गाजियाबाद।
थाना टीला मोड़ पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हरियाणा मार्का की 25 पेटी अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल एक कार बरामद की है। बरामद शराब में 1,000 पव्वे देशी और 250 पव्वे अंग्रेजी शराब शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना टीला मोड़ पुलिस टीम लोनी-भोपुरा रोड पर डी-मार्ट के सामने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिग्गी से भारी मात्रा में हरियाणा मार्का शराब बरामद होने पर उसमें सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र मुलकराज, निवासी अशोक नगर, ज्योति नगर, दिल्ली, उम्र करीब 27 वर्ष और शोएब पुत्र यासीन, निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि सौरभ नाम का व्यक्ति सोनीपत से चार पहिया वाहनों में हरियाणा मार्का शराब लोड करवाकर दिल्ली के अशोक नगर में वाहन खड़ा करवाता था। इसके बाद आरोपियों को वाहन को निर्धारित स्थान पर पहुंचाकर खड़ा करने के लिए कहा जाता था। आरोपियों को वाहन में शराब होने की जानकारी रहती थी।
आरोपियों के मुताबिक, इस काम के बदले सौरभ उन्हें प्रति वाहन 5,000 रुपये देता था, जिसे दोनों आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना टीला मोड़ में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने