लोनी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

इंद्रापुरी मार्केट में  छापा मार कर पुलिस ने जब्त किए चाइनीज मांझे के 167 रोल

गाजियाबाद।
थाना लोनी पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 167 रोल प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली से चाइनीज मांझा लाकर लोनी क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार को थाना लोनी पुलिस को सूचना मिली थी कि इंद्रापुरी मार्केट में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान इंद्रापुरी मार्केट, लोनी से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के 167 रोल बरामद किए गए। मौके से तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान पुत्र अकबर, निवासी ग्राम डोल, थाना सिंघावली अहीर, बागपत, हाल निवासी अशोक विहार, लोनी; सुमांशु पुत्र जय भगवान, निवासी ग्राम खेकड़ा, थाना खेकड़ा, बागपत, हाल निवासी इंद्रापुरी मार्केट, लोनी तथा निशांत पुत्र सोमवीर सिंह, निवासी ग्राम छज्जूपुर, थाना कपूरपुर, हापुड़ के रूप में हुई है। आरोपियों की उम्र क्रमश: करीब 22, 20 और 19 वर्ष बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से प्रतिबंधित चाइनीज मांझा तस्करी कर लाते थे। इसके बाद इसे लोनी क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे और उससे अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने बरामद मांझे को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना लोनी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में धारा 223बी/125 बीएनएस तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धारा 5/15 के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ लोनी थाने में इस मामले से संबंधित एक मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने