स्कूल एडमिशन और बाहर घूमने को लेकर विवाद की बात सामने आई; घर में खून से लथपथ मिला पिता का शव, कुल्हाड़ी और कपड़े भी मिले
नोएडा। सेक्टर-121 स्थित गढ़ी चौखंडी में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, एक 16 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर अपने पिता की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घटना के पीछे प्रथम दृष्टया पिता-पुत्र के बीच स्कूल में एडमिशन और बाहर घूमने को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।बुधवार को नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर एक युवक के मेट्रो ट्रेन के सामने कूदने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। उस समय युवक की पहचान को लेकर जांच की जा रही थी। बाद में पुलिस को इस घटना का संबंध गढ़ी चौखंडी स्थित एक मकान में हुई हत्या से होने की जानकारी मिली।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के भाई अरुण शर्मा ने अपने भाई से संपर्क नहीं होने पर पुलिस को तहरीर दी थी। शिकायत मिलने के बाद थाना फेज-3 पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस जब घर पहुंची तो वहां राजू शर्मा का शव मिला। शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशानों से हत्या की आशंका हुई। जांच के दौरान पुलिस को घर से मृतक के बेटे अमृत शर्मा के कपड़े और एक कुल्हाड़ी भी मिली, जिन पर खून के निशान बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने के निशान भी मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि पिता और बेटे के बीच स्कूल में एडमिशन और बाहर घूमने को लेकर विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी विवाद के बाद किशोर ने गुस्से में अपने पिता पर हमला कर दिया। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि बुधवार को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के सामने कूदकर जिस युवक ने आत्महत्या की थी, वह कथित तौर पर अमृत शर्मा था।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिता की हत्या के बाद किशोर किस तरह घर से निकला और मेट्रो स्टेशन तक कैसे पहुंचा। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर थाना फेज-3 पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गढ़ी चौखंडी क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
Tags
नोएडा