गाजियाबाद। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर 15 साल से फरार चल रहे एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2003 में दर्ज चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित मुकदमे में स्थायी वारंट जारी था।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार 3 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मधुेश्वरनाथ मंदिर मार्केट स्थित गोल्डन स्टील की दुकान के सामने से आरोपी आकिल पुत्र शादिर उर्फ बल्ले निवासी द्वारिकापुरी गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले करीब 15 वर्षों से फरार चल रहा था। उसने कुछ समय पहले अपना पुराना मकान भी बेच दिया था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 483/2003, धारा 380/411 भादवि में स्थायी वारंट जारी था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली नगर थाने में चोरी, अवैध हथियार, एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2003 से 2010 तक के मामले शामिल हैं। दर्ज मामलों में धारा 380/411 भादवि, 4/25 आर्म्स एक्ट, 411/109 भादवि, 25 आर्म्स एक्ट, 110जी सीआरपीसी, 18/20 एनडीपीएस एक्ट, 2/3 गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य धाराएं शामिल हैं।
Tags
गाजियाबाद
