निठौरा रोड के पास से बाइक चोरी कर बेचने की फिराक में थे आरोपी
गाजियाबाद। लोनी कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो कथित वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल को लोनी के निठौरा रोड के पास से चोरी करने की बात स्वीकार की है।पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को लोनी थाना पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो युवकों को रोककर पूछताछ और तलाशी ली। उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद होने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल (19 वर्ष) पुत्र सोनू हसन, निवासी इकराम नगर, थाना लोनी और अमन (21 वर्ष) पुत्र इकबाल, निवासी बादशाहपुर सिरौली, थाना लोनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में लोनी थाने में पहले से ही धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज था। मोटरसाइकिल की बरामदगी के बाद मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मोटरसाइकिल को निठौरा रोड के पास से चोरी किया था और उसे बेचने की कोशिश में निकले थे। इसी दौरान पुलिस की चेकिंग में दोनों पकड़े गए। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद