क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने 6 घंटे में किया शनि मंदिर में चोरी का खुलासा : 2.5 लाख का सामान बरामद (वीडियो देखें)

मंदिर का ताला तोड़कर पीतल की मूर्तियां व पूजा सामग्री चोरी करने वाला गिरफ्तार

गाजियाबाद।
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर रखी पीतल की मूर्तियां और अन्य पूजा सामग्री चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 2.5 लाख रुपये कीमत की मंदिर की मूर्तियां और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना का महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
वेव सिटी एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि बुधवार 2 सितंबर 2026 की सुबह तिगरी गोल चक्कर के पास स्थित शनि मंदिर में अज्ञात व्यक्ति ने ताला तोड़कर मंदिर के अंदर रखी मूर्तियां और अन्य सामान चोरी कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में धारा 305डी/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसी दिन आरोपी को वेव ट्रीटमेंट प्लांट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रानिश पुत्र बबलू, निवासी ग्राम काशी, थाना परतापुर, जिला मेरठ, हाल निवासी सेक्टर-123, राधाकुंज कॉलोनी, नोएडा, थाना सेक्टर-112, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है। 
मंदिर से चोरी किया सामान बरामद: 
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का लगभग पूरा सामान बरामद किया है। बरामद सामान में लड्डू गोपाल जी की एक बड़ी पीतल की मूर्ति, राधारानी की एक बड़ी पीतल की मूर्ति, लड्डू गोपाल जी की दो छोटी मूर्तियां, एक बड़ी गणेश जी की पीतल की मूर्ति, तांबे के दो चरण पादुका, पीतल के तीन लोटे, पीतल के पांच दीपक और पूजा करने वाली एक घंटी सहित अन्य सामान शामिल है। एसीपी के अनुसार बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2.5 लाख रुपये है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। 
चोरी के बाद सामान बेचने जा रहा था आरोपी: पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-123, राधाकुंज कॉलोनी, नोएडा में रहता है। 2 सितंबर की सुबह अंधेरे के समय वह चोरी करने की फिराक में घूम रहा था। इसी दौरान उसने तिगरी गोल चक्कर के पास स्थित शनि मंदिर का ताला तोड़कर मंदिर में रखी पीतल की मूर्तियां और अन्य सामान चोरी कर लिया। आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। 
आरोपी के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज: 
पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ कुल चार मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। इनमें क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में वर्तमान चोरी का एक मुकदमा, थाना सेक्टर-113 नोएडा में चोरी का एक और एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा तथा थाना सेक्टर-49 नोएडा में पॉक्सो एक्ट से संबंधित एक मुकदमा शामिल है। पुलिस अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने