महिला सुरक्षा को लेकर गाजियाबाद पुलिस ने बढ़ाया सामुदायिक संवाद, 591 महिला वालंटियर्स का एमवीएफ नेटवर्क

साइबर अपराध और ऑनलाइन उत्पीड़न के प्रति जागरूकता से लेकर स्थानीय समस्याएं पुलिस तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी महिला वालंटियर्स: जे0 रविन्द्र गौड़

गाजियाबाद।
महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने पुलिस और समाज के बीच सहभागिता को और मजबूत करने की दिशा में एमवीएफ (महिला वालंटियर फोर्स) नेटवर्क तैयार किया है। कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चिह्नित 591 महिला वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी समस्याओं और जरूरतों को पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगी। पुलिस का उद्देश्य है कि महिलाओं से जुड़ी सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी केवल घटना होने के बाद पुलिस तक न पहुंचे, बल्कि स्थानीय स्तर पर संवाद और जागरूकता के माध्यम से संभावित समस्याओं की पहचान कर सुरक्षा का वातावरण पहले से मजबूत किया जाए।

रविवार को नंदग्राम स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में आयोजित महिला वालंटियर फोर्स (MVF) सम्मेलन में पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड ने छात्राओं को सुरक्षा से जुड़े टिप्स दिए। उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन और डायल-112 के जरिए मदद लेने का तरीका बताया। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी अपराधों के मामलों में महिला पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है। महिलाओं को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए महिला वालंटियर फोर्स की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। पुलिस कमिश्नर जे0 रविन्द्र गौड़ ने बताया कि वर्तमान डिजिटल दौर में महिलाओं और बालिकाओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना भी महिला सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। एमवीएफ नेटवर्क के माध्यम से महिलाओं को साइबर ठगी, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन उत्पीड़न, निजी जानकारी के दुरुपयोग और अन्य डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूक किया जाएगा। महिला वालंटियर्स जरूरतमंद महिलाओं को संबंधित पुलिस इकाई, काउंसलिंग और अन्य सहायता तंत्र से जोड़ने में भी सहयोग करेंगी। 
स्कूल-कॉलेजों में भी बढ़ाई जाएगी जागरूकता: एमवीएफ के माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा। पुलिस और महिला वालंटियर्स के बीच नियमित संवाद और समन्वय स्थापित कर पुलिस कम्युुनिटी पार्टनरशिप को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके माध्यम से समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का लक्ष्य है। 
हर थाना क्षेत्र में बनेगा महिलाओं की आवाज का नेटवर्क: कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चयनित महिला वालंटियर्स अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं से संपर्क और संवाद स्थापित करेंगी। स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली सुरक्षा संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं को पुलिस तक पहुंचाने में वे सहयोग करेंगी। पुलिस के अनुसार, एमवीएफ नेटवर्क का उद्देश्य महिलाओं को केवल पुलिस सहायता से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने समुदाय में सुरक्षा और जागरूकता की सक्रिय भागीदार बनाना भी है। 
24 थाना क्षेत्रों में 591 महिला वालंटियर्स: 
कमिश्नरेट गाजियाबाद के 24 थाना क्षेत्रों में कुल 591 महिला वालंटियर्स को एमवीएफ नेटवर्क से जोड़ा गया है।
थाना क्षेत्रमहिला वालंटियर्स
कोतवाली नगर27
विजय नगर42
कविनगर20
सिहानी गेट26
नंदग्राम25
मधुबन बापूधाम25
वेव सिटी26
क्रॉसिंग रिपब्लिक26
इंदिरापुरम25
खोड़ा14
साहिबाबाद21
लिंक रोड26
टीला मोड़39
कौशांबी21
शालीमार गार्डन25
लोनी25
ट्रोनिका सिटी20
लोनी बॉर्डर20
अंकुर विहार25
मोदीनगर22
भोजपुर25
निवाड़ी16
मुरादनगर25
मसूरी25
कुल591

“बात उसकी, बदलाव सबका”: 
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस और समाज के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से एमवीएफ (महिला वालंटियर फोर्स) नेटवर्क को आगे भी विस्तार देने की बात कही गई है। पुलिस कमिश्नर का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। “बात उसकी, बदलाव सबका” की भावना के साथ महिला वालंटियर्स की सक्रिय भागीदारी से “सुरक्षित महिला–सशक्त समाज” की दिशा में सामुदायिक स्तर पर प्रयासों को मजबूत किया जाएगा।
सम्मेलन में एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरण नैयर, डीसीपी धवल जायसवाल, एसीपी सुचिता सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने