अधूरी सीवर लाइन, टूटी सड़कें और खराब स्ट्रीट लाइटों पर जताया रोष; साहिबाबाद में 500 बेड का सरकारी अस्पताल खोलने की मांग
गाजियाबाद। साहिबाबाद के साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में बदहाल सफाई व्यवस्था, दूषित पेयजल, अधूरी सीवर लाइन और क्षतिग्रस्त सड़कों समेत विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी सीपीआई (एम) की साहिबाबाद लोकल कमेटी के कार्यकर्ताओं ने वसुंधरा जोनल कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान, बढ़े हुए गृहकर को वापस लेने और साहिबाबाद में कम से कम 500 बेड का सरकारी अस्पताल खोलने की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान देवेंद्र शर्मा ने कहा कि साइट-4 साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र की कॉलोनियों और मजदूर बस्तियों में सफाई व्यवस्था बेहद खराब है। नियमित रूप से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नहीं पहुंचने के कारण सड़कों और मोड़ों पर कचरे के ढेर लग रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को गंदगी और अस्वच्छ वातावरण के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर सीवर लाइन का काम अधूरा है। इसके कारण गंदा पानी गलियों और नालियों में बहता रहता है। वहीं, पेयजल आपूर्ति भी नियमित नहीं है। कई बार दूषित पानी मिलने से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने और बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। पेयजल की समस्या के चलते लोगों को पानी खरीदकर अपनी जरूरत पूरी करनी पड़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने क्षतिग्रस्त सड़कों और खराब स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि बुनियादी सुविधाओं की कमी से स्थानीय निवासियों और मजदूर बस्तियों में रहने वाले लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा वसुंधरा जोन में सरकारी अस्पताल खोलने की मांग भी की गई।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि साइट-4 की सभी कॉलोनियों और बस्तियों में सीवर लाइन का निर्माण कार्य पूरा कर उसे चालू किया जाए। नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और खराब स्ट्रीट लाइटों को भी जल्द ठीक कराया जाए। इसके साथ ही बढ़े हुए गृहकर को वापस लेने, नगर निगम के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने और साहिबाबाद क्षेत्र में कम से कम 500 बेड का सरकारी अस्पताल स्थापित करने की मांग की गई। प्रदर्शन में बीकेएस चौहान, देवेंद्र शर्मा, नीरु सिंह सेंगर, रेनू झा और इंद्रजीत सिंह समेत सीपीआई (एम) के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने और उनका जल्द समाधान कराने की मांग की।
Tags
गाजियाबाद
