गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: सूर्या मर्डर केस का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर

बकरीद पर खोड़ा में किया था सूर्या का कत्ल, 50 हजार का इनामी था मारा गया असद


गाजियाबाद। उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद में बकरीद के दिन 17 वर्षीय छात्र सूर्या की हत्‍या करने के बाद फरार चल रहे आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। रविवार तड़के इंदिरापुरम के अभय खंड में हुई मुठभेड़ में असद को मार गिराया गया। खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस ने मिलकर इस संयुक्त अभियान को अंजाम दिया, जिसमें एक कांस्टेबल घायल हो गया।  पुलिस ने इस मामले में पहले ही 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और दो आरोपी फरार थे. असद इस हत्याकांड का चौथा और मुख्य आरोपी था, जिसपर पुलिस ने 50 हजार का ईनाम भी घोषित किया था। अब पुलिस को पांचवें आरोपी की तलाश है।
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि सूर्या  हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद अपने किसी दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला था. पैसे लेने के बाद उसका प्लान शहर शहर छोड़कर भागने का था. सूचना मिलते ही गाजियाबाद पुलिस ने असद को दबोचने के लिए इलाके में एक जाल बिछाया और घेराबंदी की. कुछ ही समय बाद असद एक व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां पहुंचा और पुलिस ने उसे दबोच लिया. पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने उसे रुकने का इशारा किया. हालांकि, असद ने रुकने के बजाय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी आत्मरक्षा में तुरंत जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ से हुई इस फायरिंग में असद को गोली लग गई और वो गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. इस मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है. 
गाजियाबाद पुलिस ने घटनास्थल से वो मोटरसाइकिल बरामद कर ली है जिससे आरोपी आया था. इसके साथ ही असद के पास से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल उसने पुलिस पर फायरिंग के लिए किया था. हालांकि, इस मुठभेड़ के दौरान मोटरसाइकिल पर असद के साथ मौजूद उसका दोस्त मौके से भागने में कामयाब रहा. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है.  सूर्या चौहान की हत्या का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था जिसमें कुछ युवक उस पर चाकू से हमला करते दिखाई दिए थे.
गौरतलब है कि कक्षा 11 में पढ़ने वाले सूर्या की मां और बहन ने आरोपियों का एनकाउंटर किए जाने की गुहार लगाई थी। मां सरोज ने कहा कि मैं चाहती हूं कि उसे भी मार दिया जाए, जिस तरह उसने मेरे बेटे को मारा, मैं उसके लिए भी वैसी ही सजा चाहती हूं। मैंने 28 मई के बाद से अपने बेटे का चेहरा भी नहीं देखा है। मेरे दो बेटे और एक बेटी है। हालांकि, मेरा बड़ा बेटा दिव्यांग है। मुझे उम्मीद थी कि मेरा छोटा बेटा मेरा सहारा बनेगा, लेकिन अब उसे भी हमसे छीन लिया गया है। 
आंतें बाहर आ गई थीं: सूर्या के परिवार ने बताया कि मेरे भाई और असद के बीच आठ महीने पहले किसी बात पर कहासुनी हुई थी। बकरीद के मौके पर असद ने सूर्या को मिलने के लिए बुलाया था। सूर्या अपने दोस्‍तों के साथ असद के पास गया था। एक पड़ोसी महिला ने बताया कि आरोपियों ने सूर्या के पेट में चाकू से इस कदर वार किए कि उसकी आंतें बाहर आ गई थीं।
असद ने सूर्या के पेट में चार बार किए चाकू से वार: पुलिस ने बताया कि खोड़ा के नवनीत विहार में रहने वाले सूर्या को असद ने बुलाकर पूछा था कि कभी बकरा कटते हुए देखे हो। आओ दिखाता हूं। जब सूर्या ने इनकार किया तो असद ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते उसने चाकू निकाला और सूर्या के पेट में चार बार वार किए। सूर्या जाने बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक भागा, लेकिन खून ज्‍यादा बहने के कारण वह नीचे गिर गया। घरवालों को जैसे ही जानकारी हुई, वे दौड़कर आए और उसे अस्‍पताल ले गए लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने