साहिबाबाद की धागा फैक्ट्री में भीषण आग, स्टॉक जलकर खाक

10 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे में पाया काबू


गाजियाबाद।
साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया के साइट-4 स्थित एक धागा निर्माण फैक्ट्री में शनिवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर 42/46 में स्थित जैन ज़री क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में धागा निर्माण का कार्य किया जाता है। शनिवार शाम अचानक फैक्ट्री में आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की सूचना मिलते ही वैशाली फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए साहिबाबाद, गाजियाबाद और नोएडा से भी अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। कुल 10 दमकल गाड़ियां आग बुझाने के अभियान में जुटीं। फैक्ट्री के भीतर आग तेजी से फैलने के कारण दमकल कर्मियों को अंदर पहुंचने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से फैक्ट्री की एक दीवार तोड़ी गई, ताकि अंदर तक पानी की बौछार पहुंचाई जा सके।
दमकल विभाग के अथक प्रयासों के बाद रात करीब 9:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि आग में फैक्ट्री में रखा कच्चा माल और धागों का बड़ा स्टॉक जलकर राख हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने