विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एनडीआरएफ में दिलाई गई तंबाकू त्याग की शपथ

गाजियाबाद।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को गाजियाबाद स्थित 8वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) में तंबाकू निषेध शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वाहिनी के सभी अधिकारियों एवं रेस्क्यू कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए तंबाकू मुक्त जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान बटालियन कमांडेंट सुदेश कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कमांडेंट श्री कुमार ने कहा कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि एक अनुशासित बल के सदस्य होने के नाते प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि वह स्वयं स्वस्थ जीवनशैली अपनाए तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी तंबाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने जोर देकर कहा कि जन-जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही तंबाकू मुक्त एवं स्वस्थ भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने