खजूरी खास इलाके में घरेलू विवाद बना वारदात की वजह
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में महिला की हथौड़े से मारकर की गई निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद और आपसी कलह के चलते आरोपी ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया था।जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अहलावत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही खजूरी खास थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसका अपनी पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी ने हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने मामले को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस जांच के दौरान उसके बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने पूरी घटना का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
डीसीपी राहुल अहलावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
Tags
दिल्ली