भाजपा पार्षद रवि भाटी को जान से मारने की धमकी पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

हैदराबाद से आ रही धमकियों की जांच तेज, पहले भी पांच आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार


गाजियाबाद।
शालीमार गार्डन क्षेत्र के वार्ड-37 से भाजपा पार्षद रवि भाटी को लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा  351 (4), 352 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार धमकियां हैदराबाद से दी जा रही हैं और जांच में महबूब नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है। 
पार्षद रवि भाटी ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ समय से लगातार धमकी भरे फोन कॉल और संदेश प्राप्त हो रहे हैं। बीती 27 मई को उन्हें कॉल करके जान से मारने की धमकी दी गई थी। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।बताया जा रहा है कि क्षेत्र में एक मस्जिद से लाउडस्पीकर हटवाने तथा विक्रम एन्क्लेव स्थित एक मदरसे पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद कुछ असामाजिक तत्व उनके विरोध में सक्रिय हो गए हैं। इसी क्रम में उन्हें लगातार धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है। 
गौरतलब है कि इससे पहले भी पार्षद रवि भाटी को धमकी देने के मामले में पुलिस पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नाबालिग तथा दो अन्य व्यक्ति शामिल थे। सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया था। इसके बावजूद धमकी मिलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्र के लोगों ने पार्षद की सुरक्षा बढ़ाने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने