नोएडा-ग्रेटर नोएडा को मिली 110 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात

पांच रूटों पर चलेंगी, सफर होगा सस्ता और पर्यावरण अनुकूल


नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लाखों यात्रियों को शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर 110 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की शुरुआत की। इनमें 100 सामान्य इलेक्ट्रिक बसों के साथ 10 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं, जो पहली बार नोएडा की सड़कों पर दौड़ेंगी।
यह नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच शुरू की गई पहली बड़े स्तर की इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा है। बसों का संचालन नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के संयुक्त प्रयास से किया जाएगा। इन बसों को सेक्टर-90 स्थित अत्याधुनिक बस डिपो से संचालित किया जाएगा, जहां फास्ट चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। बसें करीब दो घंटे में पूरी तरह चार्ज होकर संचालन के लिए तैयार हो जाएंगी।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों का किराया भी किफायती रखा गया है। न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 30 रुपये निर्धारित किया गया है। इससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से ग्रेटर नोएडा वेस्ट (गौर सिटी) के निवासियों को पहली बार सीधे सरकारी सार्वजनिक परिवहन सेवा का लाभ मिलेगा।
15 जून से प्रस्तावित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) की सेवाओं के मद्देनजर यह पहल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्राधिकरण का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक जाम में राहत मिलेगी और वायु प्रदूषण घटाने में मदद मिलेगी।

इन प्रमुख रूटों पर चलेगी सेवा:

  • बोटेनिकल गार्डन से परी चौक
  • बोटेनिकल गार्डन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर)
  • बोटेनिकल गार्डन से गौर सिटी चौक (ग्रेटर नोएडा वेस्ट)
  • बोटेनिकल गार्डन से सूरजपुर होते हुए कलेक्ट्रेट
  • भविष्य में गाजियाबाद और दिल्ली तक सेवा विस्तार की योजना
अधिकारियों के अनुसार पहले चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया है। दिसंबर तक 100 और बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी। यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर बसों की संख्या बढ़ाकर 500 तक करने का लक्ष्य रखा गया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने