लोनी में 50 एकड़ अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर

प्रशासन बोला- हिंडन किनारे अवैध बसावट पर अभियान रहेगा जारी, प्रभावित लोगों ने उठाए रजिस्ट्री पर सवाल


गाजियाबाद। जिले के लोनी क्षेत्र स्थित भनेड़ा असालतपुर-फरुखनगर इलाके में शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिंडन नदी के डूब क्षेत्र (फ्लड प्लेन) में विकसित की गई अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया। अभियान के तहत करीब 50 एकड़ भूमि पर किए गए अर्धनिर्मित निर्माण और अवैध प्लॉटों को ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का निर्माण नियमों के विरुद्ध है और ऐसे अवैध कब्जों एवं निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। 
बुलडोजर कार्रवाई से प्रभावित लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने संबंधित भूमि को वैध बताते हुए खरीदा था और उनकी विधिवत रजिस्ट्री भी कराई गई थी। प्रभावित लोगों ने सवाल उठाया कि यदि भूमि डूब क्षेत्र में थी और निर्माण अवैध था, तो उसकी रजिस्ट्री कैसे की गई। उन्होंने प्रशासन से नुकसान की भरपाई करने अथवा प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। 
जिला प्रशासन द्वारा हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में स्थित अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चिन्हित क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी करते हुए कार्रवाई कर रही हैं। वर्षों से क्षेत्र में रह रहे लोगों का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद उनके सामने आवास का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। 
वहीं तहसीलदार डॉ. अरुण गोयल ने कहा कि हिंडन नदी के डूब क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने