मेयर नगरायुक्त ने स्वास्थ्य अफसरों को दिए जांच के आदेश, होगा एक्शन
गाजियाबाद। नगर निगम की बोर्ड बैठक में वार्ड-37 शालीमार गार्डन के पार्षद रवि भाटी ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था एवं डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों का ध्यान जनहित के मुद्दों की ओर आकर्षित किया।
पार्षद रवि भाटी ने सदन में कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण करने वाले कई वाहन निर्धारित स्थानों पर नहीं रुकते हैं, जिससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा कुछ कर्मचारियों द्वारा आम लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें भी लगातार प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की, ताकि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक के दौरान पार्षद ने रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था में व्याप्त खामियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्गों की सफाई के लिए नियुक्त ठेकेदार द्वारा कार्यों का समुचित संचालन नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है और शहर की स्वच्छता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर एवं नगर आयुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को संबंधित ठेकेदार के कार्यों की जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा गया। बैठक में ठेकेदार का लाइसेंस एवं टेंडर निरस्त करने की प्रक्रिया पर भी विचार किया गया।
पार्षद रवि भाटी ने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। नगर निगम की सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए वह लगातार प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों और प्रस्तावों को भी सदन के समक्ष रखा।
Tags
गाजियाबाद
