72 सुतली बम, 750 ग्राम गंधक और 250 ग्राम पोटाश बरामद
गाजियाबाद। दीपावली से पहले लोनी थाना पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनसे संबंधित विस्फोटक सामग्री रखने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 72 सुतली बम पटाखे, 750 ग्राम गंधक, 250 ग्राम पोटाश और आतिशबाजी के पटाखे बनाने की अन्य सामग्री बरामद करने का दावा किया है।पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को लोनी थाना पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से पटाखे बनाने में संलिप्त है और उसके पास पटाखे तैयार करने की सामग्री रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद कासिफ पुत्र मोहम्मद अनीस, निवासी उपरकोट, लोनी, गाजियाबाद, मूल निवासी मोहल्ला मुन्नालाल, मदीना मस्जिद के पास गड्ढों में, थाना मवाना, मेरठ, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने मामा के साथ पटाखे बनाने की सामग्री लेकर आया था। दोनों मिलकर दीपावली के अवसर पर पटाखे तैयार कर उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस का दावा है कि इसी सामग्री में सुतली बम और आतिशबाजी के पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री शामिल थी। आरोपी के कब्जे से कुल 72 सुतली बम पटाखे बरामद किए गए। इसके अलावा 750 ग्राम गंधक और 250 ग्राम पोटाश समेत आतिशबाजी तैयार करने की सामग्री भी मिली। बरामद सामग्री के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लोनी में धारा 288/125 बीएनएस और धारा 9बी(1)(बी) विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में दो अन्य लोगों को भी वांछित बताया है। इनमें मुन्नू उर्फ जियास पुत्र कालू, निवासी उपरकोट, लोनी, उम्र करीब 55 वर्ष और नसीम पुत्र कालू, निवासी उपरकोट, लोनी, उम्र करीब 47 वर्ष शामिल हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
Tags
गाजियाबाद
