सीता-राम विवाह का हुआ मंचन, आकर्षक झांकियां देख मंत्र मुग्ध हुए श्रद्धालु
साहिबाबाद। श्याम पार्क मेन स्थित रामलीला मैदान में श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम की भव्य बारात धूमधाम से निकाली गई। मथुरा से आए कलाकारों ने सीता-राम विवाह की मनमोहक लीला का मंचन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान श्रीराम और माता सीता के जयकारों से गूंज उठा।भगवान श्रीराम की बारात शोभायात्रा के रूप में जीटी रोड से प्रारंभ हुई। इसके बाद बारात लाजपत नगर, राजेंद्र नगर सेक्टर-3, शिव पार्क, जिंदल मार्केट, श्याम पार्क एक्सटेंशन, राजीव कॉलोनी, रेलवे रोड और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए श्याम पार्क मेन स्थित रामलीला मैदान पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बारात का स्वागत किया। बारात में शामिल आकर्षक झांकियां और सुंदर बैंड लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
रामलीला मैदान पहुंचने पर कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भगवान श्रीराम की बारात का भव्य स्वागत किया। इसके बाद जनकनंदिनी माता सीता और भगवान श्रीराम के विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं। विवाह प्रसंग के मंचन के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव में डूबे नजर आए और उन्होंने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष मास्टर वीर सिंह सेन, संरक्षक चौधरी श्रीपाल, रामकुमार जी, पंडित रामशरण शर्मा सहित कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक राम बारात की शोभायात्रा में भाग लिया।
कमेटी के अनुसार, रामलीला के अंतर्गत आगामी दिनों में अन्य लीलाओं का मंचन भी जारी रहेगा। विजयदशमी के अवसर पर रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही आकर्षक आतिशबाजी का कार्यक्रम भी आयोजित होगा।
Tags
गाजियाबाद



