मतदाता सूची से छूटे लोगों को मिलेगा मौका, गाजियाबाद में हर शनिवार-रविवार लगेंगे विशेष शिविर

पहली बार वोट डालने वाले युवाओं, मलिन बस्तियों और आश्रयहीन नागरिकों पर रहेगा विशेष फोकस; बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन

गाजियाबाद।
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों को अपना नाम जुड़वाने का एक और अवसर मिलेगा। इसके लिए गाजियाबाद जिले में प्रत्येक शनिवार और रविवार को बूथ स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। अभियान के दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों, आश्रयहीन व्यक्तियों और वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों की पहचान करने और उन्हें पंजीकरण प्रक्रिया में सहयोग देने की रणनीति पर चर्चा की गई।
पुरानी और वर्तमान मतदाता सूची का होगा मिलान: बैठक में बताया गया कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची का मिलान 7 जनवरी 2025 की मतदाता सूची से करेंगे। इस प्रक्रिया के जरिए ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पुरानी सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं हैं। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरने में सहायता दी जाएगी।
मलिन बस्तियों और आश्रय स्थलों पर भी लगेंगे शिविर: अभियान के तहत नाइट शेल्टर, मलिन बस्तियों और आश्रयहीन लोगों के बीच विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि ऐसे पात्र नागरिक भी मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया से जुड़ सकें, जो सामान्य तौर पर बूथ या संबंधित कार्यालय तक नहीं पहुंच पाते। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का लाभ जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक पहुंचाने के लिए क्षेत्रवार योजना बनाकर काम किया जाए। 
राजनीतिक दलों ने सुझाए कई स्थान: बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने नंदग्राम के एफ और ई ब्लॉक, नई बस्तियों, गुलजार कॉलोनी स्थित कुष्ठ आश्रम और राजनगर एक्सटेंशन की हाईराइज सोसायटियों में विशेष शिविर लगाने के सुझाव दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करने के साथ शिक्षण संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाने और स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) गतिविधियों के माध्यम से पात्र नागरिकों को पंजीकरण के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
12 अक्टूबर को होगी अभियान की समीक्षा: जिलाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया में भाग लेने और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की। अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए अगली बैठक 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के साथ मतदान प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने