कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई। मलबे में दबकर 2 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।दमकल विभाग के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर गली सत्तारा, शीश महल स्थित चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियां और पुलिसकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और हादसे के समय वहां कई लोगों के मौजूद होने की आशंका है।
एसओ डीके राय के अनुसार, तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत ढह गई है। आशंका है कि कुछ लोग मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं। दमकल विभाग ने बचाव अभियान के लिए अतिरिक्त वाहन और अधिकारियों को भी मौके पर भेजा। फिलहाल दमकल की छह गाड़ियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
इलाके की गलियां संकरी होने के कारण बचाव दल को राहत कार्य में कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टीमों की प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। हालांकि, हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं और कितने लोग मलबे में दबे हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सत्य निकेतन हादसे के बाद भी नहीं थम रहे इमारत गिरने के मामले: दिल्ली में इमारत गिरने की यह घटना एक बार फिर भवन सुरक्षा और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। इससे पहले छह सितंबर को सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत ढह गई थी। उस इमारत में पीजी संचालित हो रहा था। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकांश दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र थे।
उस घटना के बाद दिल्ली में जर्जर और असुरक्षित इमारतों को चिह्नित करने के लिए अभियान चलाया गया था। इसके बावजूद चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत के ढहने की घटना ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन और निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
दिल्ली

