लोनी के बंथला में डिलीवरी के दौरान हुई थी चोरी, मोबाइल बेचने की फिराक में थे आरोपी
गाजियाबाद। लोनी थाना पुलिस ने डिलीवरी कर्मचारी का बैग चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सात मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी चोरी के मोबाइल फोन बेचने की फिराक में थे।पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को एक डिलीवरी कर्मचारी ने लोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह डिलीवरी का काम करता है। बंथला क्षेत्र में मोबाइल ऑर्डर की डिलीवरी देने के दौरान अज्ञात चोर उसका बैग चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की।
इसके बाद 5 नवंबर को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल तीन आरोपियों अमन, मनीष और यश उर्फ जस्सी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी के सात मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीनों मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। कुछ दिन पहले उन्होंने बंथला क्षेत्र से ये मोबाइल फोन चोरी किए थे। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के मोबाइल फोन बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़े गए। पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिल यश उर्फ जस्सी के जीजा के नाम पर पंजीकृत है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन पुत्र राजेंद्र निवासी महल कॉलोनी, बंथला, लोनी (उम्र करीब 26 वर्ष), मनीष पुत्र क्रांति प्रसाद निवासी सरल कुंज, 25 फुट रोड, बंथला, लोनी (उम्र करीब 22 वर्ष) और यश उर्फ जस्सी पुत्र बिजेंद्र शर्मा निवासी ज्योति विहार, बंथला, लोनी (उम्र करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस तीनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Tags
गाजियाबाद
