मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मोरी गेट में कार्रवाई का लिया जायजा, 44 नमूनों में से 35 प्रारंभिक जांच में फेल
नई दिल्ली। दीपावली और त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली सरकार ने खाद्य सुरक्षा विभाग के माध्यम से कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोरी गेट स्थित खोया मंडी में अभियान चलाकर करीब सात हजार किलो सड़ा, अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया। इसके साथ ही दिल्ली में अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट कराया जा चुका है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का जायजा लिया और मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।खाद्य सुरक्षा विभाग के इस अभियान के दौरान कुल 44 निगरानी नमूने एकत्र किए गए। इनकी मौके पर ही 'फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स' मोबाइल टेस्टिंग सुविधा के माध्यम से प्रारंभिक जांच की गई। जांच में 44 में से 35 नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा दो अन्य नमूने भी लिए गए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध सामग्री में दूध पाउडर, वनस्पति और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पदार्थों से संबंधित संकेत मिले हैं। इनकी वास्तविक स्थिति और गुणवत्ता की पुष्टि के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।Seizure of 7000 kg of Khoya (Sweets) by the FSSAI in Delhi, under the direct monitoring of CM Delhi @gupta_rekha which is proof of Stronger enforcement, accountability, and effective governance to safeguard the public health of Nation Capital. https://t.co/SN5kt56MU3
— youth challenges (@youthchallenge9) November 3, 2026
मिलावटखोरों को नहीं बख्शेंगे: मुख्यमंत्री: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मिलावटखोर चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। दीपावली की खुशियों में मिलावट करने वालों के लिए दिल्ली में कोई जगह नहीं है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई पूरी सख्ती से जारी रहेगी। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को आगे भी इसी तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि त्योहारों पर मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता की जांच जरूर करें। किसी भी प्रकार का संदेह होने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
चार अभियानों में 10,660 किलो खोया नष्ट: खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 4 सितंबर को 2,830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट कराया गया था। इसके बाद 3 नवंबर को मोरी गेट की खोया मंडी में करीब सात हजार किलो अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया नष्ट कराया गया। इस तरह विभाग की कार्रवाई में अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट किया जा चुका है। दिल्ली सरकार का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों को जब्त करना ही नहीं, बल्कि त्योहारों के दौरान ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाकर आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना भी है।
Tags
दिल्ली


