सीएम रेखा गुप्ता ने किया दिल्ली मेट्रो म्यूजियम का उद्घाटन
नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो की तीन दशक लंबी ऐतिहासिक यात्रा, चुनौतियों व उपलब्धियों को अब आम लोग बेहद करीब से देख व समझ सकेंगे. इतना ही नहीं यहां पर मेट्रो चलाने का अनुभव भी ले सकते हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ( डीएमआरसी) की ओर से सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर बनाए गए अत्याधुनिक दिल्ली मेट्रो म्यूजियम का बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उद्घाटन किया. उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने म्यूजियम का जायजा लिया. उन्होंने इसकी सराहना करते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया. यह म्यूजियम दिल्ली मेट्रो के निर्माण, विस्तार, टेक्निकल इनोवेशन, इंजीनियरिंग की चुनौतियों व पर्यावरणीय योगदान को बेहद रोचक तरीके से प्रस्तुत करता है. म्यूजियम में लगाए गए चलित मॉडल (वर्किंग मॉडल) लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं, जिनके जरिए मेट्रो के संचालन की पूरी प्रक्रिया को आसानी से समझा जा सकता है. इसके अतिरिक्त, यहां दो सिम्युलेटर भी लगाए गए हैं, जिनसे आम लोग मेट्रो चलाने का अनुभव ले सकते हैं. म्यूजियम में प्रवेश के लिए केवल 10 रुपये शुल्क रखा गया है. डीएमआरसी का मानना है कि यह म्यूजियम केवल एक प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि बच्चों व युवाओं के लिए सीखने व प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा.
सीएम ने की जमकर तारीफ: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जैसे चौक स्टेशन पर बना म्यूजियम स्कूल पिकनिक का अहम हिस्सा होता था, वैसे ही यह मेट्रो म्यूजियम देश की प्रगति का आधुनिक व अपडेटेड संस्करण है. उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो आज शानदार इंजीनियरिंग का जीवंत उदाहरण पेश करता है. वर्ष 2002 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में शुरू हुई पहली रेड लाइन से लेकर आज करीब 400 किलोमीटर नेटवर्क और 289 स्टेशनों तक का सफर अपने आप में बहुत ही ऐतिहासिक है. रोजाना 35 से 37 लाख यात्री मेट्रो से सफर करते हैं, जो यात्राओं के हिसाब से करीब 65 लाख ट्रिप्स बनती हैं. अगर मेट्रो न होती तो दिल्ली की सड़कों व प्रदूषण की स्थिति की कल्पना भी नहीं की जा सकती. मेट्रो ने दिल्ली को क्लीन, ग्रीन और सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट का मॉडल दिया है.पर्यावरण और सार्वजनिक परिवहन पर जोर: दिल्ली सीएम ने लोगों से पब्लिक ट्रांसपोर्ट के अधिक उपयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रदूषण से लड़ाई में मेट्रो की भूमिका बेहद अहम है. उन्होंने लोगों को निजी वाहन के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करने की अपील की. दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बनाने की दिशा में काम कर रही है और 2026 तक बसों को 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिक करने का लक्ष्य है.
एमडी ने बताई म्यूजियम की खासियत: म्यूजियम के उद्घाटन के बाद डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने कहा कि यह म्यूजियम दिल्ली मेट्रो की तीन दशक की यात्रा को संरक्षित करता है. इसमें यह दिखाया गया है कि हमने किस तरह की चुनौतियों का सामना किया गया. उन्हें कैसे पार किया गया. यह म्यूजियम नई पीढ़ी को मेट्रो की तकनीक, इनोवेशन व पर्यावरण के प्रति जागरूकता से परिचित कराएगा.


