दिल्ली पुलिस ने आउटर जिले में महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महिलाओं पर केंद्रित और निवारक पुलिसिंग के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने जिले के शैक्षणिक संस्थानों और ज्यादा भीड़भाड़ वाले पब्लिक ट्रांसपोर्ट जगहों पर महिलाओं की सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस पहल का मकसद जागरूकता, आत्मविश्वास बढ़ाने और पुलिस सहायता प्रणालियों तक आसान पहुंच के जरिए महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाना था।
इस अभियान के दौरान पुलिस के शिष्टाचार दस्ते ने मंगोलपुरी के सर्वोदय बाल विद्यालय में छात्रों से संवाद किया और उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा और स्थितिजन्य जागरूकता के बारे में बताया। उन्हें व्यक्तिगत सीमाओं को पहचानने और उनका सम्मान करने की सीख दी गई। सााि ही कहा गया कि किसी भी तरह की परेशानी या उत्पीड़न की रिपोर्ट करने के लिए बिना किसी डर के पुलिस और भरोसेमंद अधिकारियों से संपर्क करें। डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि इन सत्रों का मकसद छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें बोलने और समय पर मदद मांगने के लिए प्रोत्साहित करना था। साथ ही, मंगोलपुरी इलाके में मार्किट और बस स्टॉप पर महिला यात्रियों और आम जनता को भी जागरूक किया गया।
महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर और पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में बताया गया। डिजिटल सुरक्षा उपाय और आपातकालीन प्रतिक्रिया की जानकारी दी गई। डीसीपी ने बताया कि इस अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने खुली और इंटरैक्टिव चर्चाओं में भाग लिया, सवालों के जवाब दिए और महिलाओं और लड़कियों को सतर्क, आत्मविश्वासी और जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया। डीसीपी ने दोहराया कि यह जागरूकता अभियान आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस की एक स्थायी, जिला-व्यापी पहल का हिस्सा है, जिसका मकसद निरंतर आउटरीच, जागरूकता और मजबूत सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, अधिक समावेशी माहौल बनाना है। आउटर डिस्ट्रिक्ट पुलिस हर कदम पर महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Tags
दिल्ली