दिल्ली में बड़े आयोजनों और होटल-रेस्तरां की नियमित जांच होगी

गोवा अग्निकांड के मद्देनजर दिल्ली सरकार हुई सतर्क, फायर डिपार्टमेंट को आदेश जारी


नई दिल्ली। गोवा के रोमियो लेन रेस्टोरेंट में हुए हादसे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फायर विभाग के अधिकारियों आपात बैठक बुलाई। दिल्ली के गृहमंत्री आशीष सूद ने बताया कि गोवा जैसे हादसे से सबक लेते हुए सरकार ने यह आपात बैठक बुलाई है। विभाग की लाइसेंस प्रक्रिया की जांच उसे रेगुलेट करना और डीरेगुलेट करना इसको लेकर चर्चा की गई है। इसको लेकर किसी भी तरह की कोहताई नहीं बरती जाएगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गोवा में नाइट क्लब में लगी आग की घटना का उल्लेख करते हुए गहरी चिंता व्यक्त की, जिसमें 25 लोगों की मृत्यु हुई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं चेतावनी हैं कि दिल्ली को हर समय सतर्क रहना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बड़े आयोजनों, होटल, रेस्टोरेंट और क्लबों में सुरक्षा मानकों की नियमित जांच बेहद आवश्यक है, ताकि ऐसे हादसों को पहले ही रोका जा सके। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपकरण नहीं हैं या मानकों का उल्लंघन किया जा रहा है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने ये भी कहा कि फायर सेफ्टी केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी प्रतिष्ठान मालिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे अपने परिसर में आग से सुरक्षा के सभी उपाय सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने आगे यह भी कहा कि कुछ शिकायतें आई हैं, जिनमें कहा गया है कि अनावश्यक नियमों और प्रक्रियाओं के कारण एनओसी मिलने में देरी हो रही। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों की पहचान कर रिपोर्ट दी जाए और नियमों को सरल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाए। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मौजूदा प्रक्रियाओं की समीक्षा करें और जरूरत पड़ने पर नई गाइड-लाइंस तैयार करें, ताकि दिल्ली में अग्निशमन प्रणाली तेज, पारदर्शी और विश्वसनीय बन सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फायर विभाग को आग बुझाने के लिए लगातार आधुनिक उपकरण दिए जा रहे हैं। अगर फिर भी विभाग को जिस भी संसाधन की आवश्यकता है, सरकार को सूचित करे। उसे तुरंत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। बता दें कि दिल्ली के रेस्तरां और बार में फायर सेफ्टी को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हाल ही में गोवा में हुई एक त्रासदी के बाद, दिल्ली पुलिस और फायर डिपार्टमेंट द्वारा सख्ती बढ़ाई गई है। साथ ही सरकार द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने