नोएडा पुलिस का सैनिक सम्मेलन आयोजित

उत्कृष्ट कार्य के लिए 9 उपनिरीक्षकों को मिला पुरस्कार

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने गुरूवार को वर्ष 2023 में चयनित उपनिरीक्षकों का सैनिक सम्मेलन आयोजित करते हुए उन्हें नये आपराधिक कानूनों (भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम) के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने चयनित उपनिरीक्षकों से कार्य के दौरान फील्ड में आ रही समस्याओं के बारे में पूछा एवं सुझाव मांगे। इस दौरान फील्ड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 उपनिरीक्षकों को पुलिस आयुक्त ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय के ऑडिटोरियम में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने उपनिरीक्षकों को संबोधित करते हुए नये कानूनों के व्यावहारिक पक्षों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नये आपराधिक कानूनों का मूल उद्देश्य त्वरित, पारदर्शी एवं पीड़ित-केन्द्रित न्याय प्रणाली को सुदृढ़ करना है। भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के अंतर्गत अपराधों की नवीन परिभाषा, दंड निर्धारण की प्रक्रिया, पीड़ितों के अधिकारों तथा न्यायिक प्रक्रिया को सरल बनाने वाले प्रावधानों पर उन्होंने प्रकाश डाला।

सम्मेलन के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के महत्व, उनकी विधिसम्मत जब्ती, संरक्षण एवं न्यायालय में प्रस्तुतीकरण, फोरेंसिक जांच, घटनास्थल (क्राइम सीन) के फोरेंसिक निरीक्षण के समय बरती जाने वाली सावधानियों, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के माध्यम से साक्ष्य संकलन, तथा तकनीकी साक्ष्यों की प्रमाणिकता सुनिश्चित करने से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश चयनित उपनिरीक्षकों को दिए गए। इस दौरान पुलिस कौशल विकास के विषय में प्रकाश डालते हुए पुलिस आयुक्त ने अपने दीर्घकालीन अनुभवों को उपनिरीक्षकों के साथ साझा किया गया तथा उन्हें आधुनिक तकनीक, डिजिटल टूल्स एवं नवीन अनुसंधान पद्धतियों से स्वयं को निरंतर अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया, जिससे बदलते अपराध परिदृश्य के अनुरूप पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। सम्मेलन में उपनिरीक्षकों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ अपराध निरोध, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, राजनैतिक व्यक्तियों, मीडिया एवं सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय, विधिक ज्ञान, पुलिस का जनता के साथ व्यवहार, जनसंवेदनशीलता तथा विविध अपराधों की रोकथाम से संबंधित विषयों पर भी प्रशिक्षित किया गया। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने उपस्थित सभी उपनिरीक्षकों से सीधे संवाद करते हुए उनसे कार्य के दौरान फील्ड में आने वाली वास्तविक समस्याओं और चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उपनिरीक्षकों को प्रोत्साहित किया कि वे अपने अनुभवों, कठिनाइयों और किसी भी प्रकार की अवरोधक परिस्थितियों को साझा करें, ताकि उनकी समस्याओं का विश्लेषण करके प्रभावी समाधान और रणनीतियां बनाई जा सकें।

पुलिस आयुक्त ने 9 उपनिरीक्षकों को किया पुरस्कृतः- सैनिक सम्मेलन के दौरान फील्ड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 9 उपनिरीक्षकों भूपेन्द्र कुमार, भगत सिंह, रोहित सिंह, शुभांजली समाधिया, सचिन कुमार, चन्द्रवीर सिंह, ममता पंवार, कपिल कुमार तथा मोनू राणा को उत्साहवर्धन के लिए नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय रवि शंकर निम सहित कमिश्नरेट के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहें।


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने