लोनी एसडीएम को किया निर्देशित-महिला की जमीन को नियमानुसार कब्जा मुक्त कराते हुए न्याय दिलाया जाए
गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए एक गरीब किसान की व्यथा सुनकर उसके बकाया बिजली बिल के भुगतान हेतु अपनी ओर से 5100 रुपये की सहायता प्रदान की। साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों से भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि अन्य लोगों को भी सहयोग हेतु प्रेरित करें।
जनसुनवाई में एक महिला शशि त्यागी ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी पीड़ा रखते हुए बताया कि पति और पुत्र की मृत्यु के बाद ससुराल पक्ष द्वारा बंटवारे की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया जा रहा है और उन्हें उनका हक नहीं दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम लोनी को तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।
इसके अलावा बड़ी संख्या में किसानों ने भी जनसुनवाई में भाग लेकर अपनी अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। किसानों की शिकायतों को सुनते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को यदि कोई समस्या हो तो वह लिखित शिकायत के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराए, ताकि उसका विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय, प्रशिक्षु आईएएस अयान जैन, जिला सूचना अधिकारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।
Tags
गाजियाबाद