आरोपियों ने हत्या कर सार्वजनिक शौचालय में छुपाया था शव
गाजियाबाद। लिंकरोड थाना क्षेत्र में मात्र 300 रुपये के लिए शौचालय में काम करने वाले प्रेम कुमार नामक व्यक्ति की हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। दरअसल, बीते 3 फरवरी को प्रेम कुमार का शव वैशाली स्थित शौचालय में मिला था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी सुखबीर और राकेश को गिरफ्तार किया है।साहिबाबाद एसीपी श्वेता यादव के मुताबिक, सुखबीर और राकेश प्रसाद नशा करने के आदि है। कौशांबी बस अड्डे के सामने शौचालय के पास दोनों नशा करते थे और इसी दौरान प्रेम कुमार भी दोनों के साथ कभी-कभी नशा कर लेता था। करीब दो हफ्ते पहले सुखबीर और राकेश पर शौचालय के 300 रुपये उधार हो गए थे। इसपर शौचालय संचालक प्रेम कुमार ने उधार के पैसे वापस करने को कहा, जिसके दौरान कहासुनी और मारपीट हुई थी। फिर दोनों ने प्रेम की हत्या की योजना बनाई और शौचालय से कुछ दूर जाकर दोनों ने शराब पी, जिसके बाद वे दोबारा शौचालय पर पहुंचे और प्रेम कुमार की गला दबाकर हत्या कर दी। इसपर सुखबीर ने अपनी हुडी की डोरी निकालकर प्रेम कुमार के दोनों पैर और पास कमरे रखी रस्सी से हाथ बांध दिए। इसके बाद उन्होंने प्रेम की जेब से पैसे निकाले और शव को वहीं छोड़कर शौचालय पर ताला लगाकर दोनों दिल्ली चले गए। सुखबीर और राकेश कुछ दिन दिल्ली में रहने के बाद पुलिस से बचने के लिए मथुरा फरार हो गए। एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि आरोपी दिल्ली और मथुरा होते हुए गाजियाबाद लौटे। यहां महाराजपुर से दोनों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और सिम बरामद किया गया है। सुखबीर मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है। वहीं राकेश पश्चिम बंगाल के दुगार्पुर जिले का रहने वाला है। गिरफ्तार आरोपियों के अन्य अपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद