डेयरी पर कहासुनी के चलते पुराने कर्मचारी ने कुल्हाड़ी से नए का किया कत्ल

गाजियाबाद की टीला मोड थाना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, कुल्हाड़ी व खून से सने कपड़े बरामद

गाजियाबाद: थाना टीला मोड़ क्षेत्र के ग्राम रिस्तल में बीते दिनों डेरी पर काम करने वाले एक नौकर सुनील की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने उसी डेरी पर काम करने वाले आरोपी दुखराज उर्फ हीरा उर्फ अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि थाना टीला मोड़ पर सूचना प्राप्त हुई थी कि दिल्ली निवासी वादी के भाई, जो ग्राम रिस्तल स्थित श्रीजी कामधेनु डेयरी में पिछले छह महीनों से काम कर रहा था की अज्ञात व्यक्ति द्वारा कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई है.
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने डेरी मालिक सहित अन्य स्थानीय नागरिकों से पूछताछ की. पूछताछ और एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसी डेरी पर काम करने वाले दुखराज को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर उसके द्वारा पहनी गई ऊनी जर्सी और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की गई. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले कई वर्षों से उक्त डेरी पर काम कर रहा था, जबकि मृतक सुनील पिछले पांच-छह महीनों से वहां कार्यरत था. दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था, जिससे आरोपी मृतक से रंजिश रखने लगा था और मौका तलाश कर रहा था. घटना वाली रात मृतक सुनील सो रहा था. कमरे में अंधेरा होने का फायदा उठाकर आरोपी ने पास में रखी कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने