पूर्वी दिल्ली में ब्रांडेड के नाम पर नकली जूते बनाने बेचने का भंडाफोड़

पुलिस ने दो जगहों पर छापेमारी कर मशीन व माल जब्त किया, तीन गिरफ्तार

नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने नामी ब्रांड्स के नकली जूते बनाने और बाजार में खपाने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पूर्वी दिल्ली में दो जगहों पर छापेमारी कर माल और मशीनें जब्त की, साथ ही तीन धंधेबाजों को शिकंजे में लिया। जांच में सामने आया है कि ये गिरोह अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के जूतों की हूबहू नकल कर दिल्ली में ही उनका अवैध निर्माण, असेंबलिंग और सप्लाई कर रहा था. इस मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूरी अवैध सप्लाई चेन को बेनकाब कर दिया गया है। अभी और गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।
क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव एंटी-एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल ने सबसे पहले उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार थाना क्षेत्र के अंबे एन्क्लेव, चौहान पट्टी में चल रही नकली जूता फैक्ट्री पर छापा मारा था। पुलिस ने मौके से करीब 10 हजार से ज्यादा नकली जूतों के अपर पार्ट्स, कई बड़ी कंपनियों स्टिकर शीट्स, छह हेवी हीटिंग प्रेस मशीन, नौ प्रिंटिंग स्क्रीन और 131 डाई बरामद की। इसके अलावा PVC रोल भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह फैक्ट्री बिना किसी अनुमति के लंबे समय से चल रही थी और यहां तैयार किए गए नकली जूते बाजार में असली बताकर बेचे जा रहे थे। यहां से फैक्ट्री मालिक संदीप सिंह (44) को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी संदीप सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का रहने वाला है और साल 2000 में दिल्ली आया था। उसने 12वीं तक पढ़ाई की है और पहले चावड़ी बाजार में एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था. वहीं से उसने प्रिंटिंग का काम सीखा और बाद में खुद का काम शुरू किया। धीरे-धीरे उसने इसे नकली जूते बनाने की फैक्ट्री में बदल दिया।
जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि यह केवल एक यूनिट नहीं, बल्कि पूरा संगठित नेटवर्क है। फैक्ट्री के लिए नकली ब्रांड डाई और डिजाइन तैयार करने का काम नांगलोई निवासी इदु अंसारी उर्फ राजू (30) कर रहा था। वह ग्राफिक डिजाइनर है और कंप्यूटर सिस्टम के जरिए नामी कंपनियों के जूतों की डिजिटल डिजाइन तैयार करता था। उसके पास से कंप्यूटर सिस्टम, पेन ड्राइव और डाई बनाने की भारी मशीनें बरामद की है। इसके बाद क्राइम ब्रांच टीम ने मंडोली एक्सटेंशन में चल रही असेंबलिंग यूनिट का भंडाफोड़ किया। यहां से पिंटू (करीब 40 वर्ष) निवासी सुंदर नगरी को गिरफ्तार किया गया। यह यूनिट नकली जूतों की फिनिशिंग और पैकिंग का काम करती थी। छापेमारी में इंडियन और कई विदेशी ब्रैंड्स के सैकड़ों जोड़ी नकली जूते, हजारों सोल, अपर, स्टीकर और जूते बनाने की मशीनें बरामद की गईं हैं। क्राइम ब्रांच अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा था। डिजाइन, डाई निर्माण, असेंबलिंग और बाजार में सप्लाई, हर काम अलग-अलग जगहों से किया जा रहा था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार नकली जूतों के इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी जांच जारी है और अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने