50 हजार की रिश्वत लेते निवाड़ी एसएचओ रंगे हाथों गिरफ्तार

मुकदमे से नाम हटाने के लिए मांगी थी रकम, विजिलेंस टीम मेरठ ने पकड़ा

गाजियाबाद।
मोदीनगर से एक बड़ा रिश्वत मामला सामने आया है। मुकदमे से नाम हटाने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते निवाड़ी एसएचओ जयपाल सिंह रावत को विजिलेंस टीम मेरठ ने रंगे हाथों पकड़ लिया जानकारी के अनुसार, अबूपुर गांव के पूर्व प्रधान ने इस मामले को लेकर विजिलेंस टीम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर टीम ने विजिलेंस की टीम ने ट्रैप लगाया और रिश्वत लेते हुए तत्काल एसएचओ को गिरफ्तार किया।रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने पर शुरू में तो थाना प्रभारी ने विजिलेंस टीम पर रौब झाड़ने का प्रयास किया लेकिन बाद में वह रंगे हाथ धर लिए गए।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक गांव अबूपुर गांव के पूर्व प्रधान राकेश कुमार उर्फ बिट्टू ने मेरठ की विजिलेंस टीम को शिकायत की थी कि एक केस में नाम निकालने के बदले निवाड़ी थाना प्रभारी उससे 50 हजार रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। इसके बाद सीओ आजाद सिंह केसरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। विजिलेंस टीम ने एक जाल बिछाते हुए केमिकल लगे नोट देकर मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे राकेश कुमार को थाना प्रभारी जयपाल सिंह के पास भेजा। राकेश ने जब थाना प्रभारी को 50 हजार रुपये दिए तो विजिलेंस टीम ने उन्हें दबोच लिया। 
टीम ने थाना प्रभारी के हाथ जब एक पानी से भरे जग में डलवाए गए तो उसका रंग लाल हो गया। इसके बाद विजिलेंस टीम ने थाना प्रभारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता राकेश कुमार का नाम पोस्टर फाड़ने के एक मामले में सामने आया था। उसी केस में नाम निकालने के लिए थाना प्रभारी द्वारा उससे 50 हजार रुपये मांगे गए थे। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि अभी मामले की जानकारी मिली है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
विजिलेंस की आगे की कार्रवाई: रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद, विजिलेंस टीम ने एसएचओ जयपाल सिंह रावत के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच के लिए उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। इस मामले में अब विभागीय कार्रवाई की तलवार एसएचओ पर लटक रही है। विजिलेंस विभाग का कहना है कि किसी भी भ्रष्ट अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।


ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने