दिल्ली में हनी-ट्रैप से लूट: युवती फंसाती, साथी बनाते शिकार

भंडाफोड़: महिला समेत तीन गिरफ्तार, चाकू की नोक पर करते थे लूट


नई दिल्ली।
दिल्ली के महरौली इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां हनी-ट्रैप के जरिये लूटपाट करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पूरे मामले में दिल्ली पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को जाल में फंसाकर चाकू की नोक पर लूटपाट को अंजाम देते थे।
घटना 13 अप्रैल की है, जब बदरपुर-महरौली रोड पर नियमित पेट्रोलिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को डीडीए पार्क के पास एक व्यक्ति मिला। इस व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके साथ लूटपाट हुई है और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी मौके से फरार हो चुके हैं। पीड़ित ने बताया कि एक लड़की ने उसे इशारा करके अपने पास बुलाया और जब वह वहां गया तो अचानक दो लड़के वहां आ गए और चाकू की नोक पर मोबाइल, बैग और नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और बिना समय गंवाए आरोपियों का पीछा किया तेज और सतर्क कार्रवाई के चलते पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। उसकी पहचान राहुल के रूप में हुई है। राहुल के पास से लूट में इस्तेमाल किया गया चाकू और नकदी बरामद की गई जिसकी पहचान खुद पीड़ित ने की। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सर्विलांस की मदद ली और बाकी दो आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ ही समय में पुलिस को सफलता मिली और दोनों आरोपियों को 100 फीट रोड रेड लाइट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य आरोपियों की पहचान गुंगुन गांधी और समीर के रूप में हुई है। 
पुलिस जांच में सामने आया है कि गुंगुन गांधी इस गैंग में हनी-ट्रैप का काम करती थी। मुख्य आरोपी राहुल पहले भी 6 मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चाकू 750 रुपये नकद और फोन बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने