गाजियाबाद : पिता की हत्या के मामले में 15 हजार का इनामी आरोपी मोहम्मद निसार गिरफ्तार

लोनी पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा, बेटे ने दोस्तों संग मिलकर रची थी हत्या की साजिश


गाजियाबाद।
लोनी थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहम्मद निसार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपने दोस्त बिलाल के साथ मिलकर उसके पिता अजीमुद्दीन उर्फ नन्ना की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को 18 मई 2026 को लोनी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में 11 अप्रैल 2026 को लोनी थाने में मामला दर्ज कराया गया था। वादिया द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया था कि बिलाल और उसके दो अज्ञात साथियों ने उनके पति अजीमुद्दीन उर्फ नन्ना की हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने पहले ही अजीमुद्दीन के बेटे बिलाल और खुशबू पत्नी मुस्तकीम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पूछताछ के दौरान मोहम्मद निसार का नाम सामने आया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी मोहम्मद निसार ने बताया कि बिलाल उसका करीबी दोस्त है। बिलाल को उसके माता-पिता ने संपत्ति से बेदखल कर दिया था और उसे खर्च के लिए पैसे भी नहीं दिए जाते थे। इसी बात से नाराज होकर बिलाल ने खुशबू और निसार के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या की साजिश रची। 
आरोपी ने बताया कि हत्या करने के बाद शव को बेसमेंट में छोड़ दिया गया था और बाहर से ताला लगाकर सभी फरार हो गए थे। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद निसार पुत्र निजामुद्दीन, वार्ड नंबर-10 जाकिर हुसैन नगर, महाराजगंज, रायबरेली का निवासी है। उसकी उम्र लगभग 32 वर्ष बताई जा रही है। लोनी थाना पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एक मामला दर्ज है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने