सभी कार्मिकों को पूरी सतर्कता और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
गाजियाबाद। पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मेरठ सेक्टर मेरठ कल्पना सक्सेना ने शुक्रवार को 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहिनी की विभिन्न शाखाओं, व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत में सेनानायक दिनेश यादव ने डीआईजी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद वाहिनी परिसर में गार्द द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई।
डीआईजी ने प्रशासनिक कार्यालयों, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, वाहिनी अस्पताल, बहुमंजिला बैरिक (जी-11), परिवहन शाखा, बैरकों एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गुणवत्ता, अनुशासन और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही वाहिनी परिसर में संचालित पुलिस मॉडर्न स्कूल का भी निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और सुविधाओं के संबंध में बातचीत की। डीआईजी कल्पना सक्सेना ने नव निर्मित कैंटीन और पेयजल सुविधा के लिए बनाई गई बड़ी पानी की टंकी का भी जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। इसके बाद आयोजित सम्मेलन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पीएसी बल प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अनुशासन, स्वच्छता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने चुनाव ड्यूटी और दंगा नियंत्रण ड्यूटी को देखते हुए सभी कार्मिकों को पूरी सतर्कता और सजगता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में सेनानायक दिनेश यादव, उपसेनानायक अरुण कुमार, सहायक सेनानायक प्रीति खरवार, सहायक सेनानायक जगवीर सिंह चौहान, सैन्य सहायक राम सिंह, वाहिनी चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
x
Tags
गाजियाबाद