47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद बनी कंप्यूटर चैंपियन

 25वीं अंतर वाहिनी प्रतियोगिता का भव्य समापन


गाजियाबाद।
47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद में आयोजित तीन दिवसीय “25वीं अंतर वाहिनी पीएसी पश्चिमी जोन कंप्यूटर प्रतियोगिता-2026” का शुक्रवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद ने प्रथम स्थान हासिल कर चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि 41वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मेरठ अनुभाग मेरठ श्रीमती कल्पना सक्सेना (आईपीएस) रहीं। उनके वाहिनी परिसर पहुंचने पर 47वीं वाहिनी पीएसी के बैंड दल ने आकर्षक धुनों के साथ भव्य स्वागत किया।  
21 मई से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में पश्चिमी जोन की विभिन्न वाहिनियों के प्रतिभागियों ने कंप्यूटर संचालन, तकनीकी ज्ञान और डिजिटल दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बल को आधुनिक तकनीकी कौशल से सशक्त बनाना तथा डिजिटल कार्यक्षमता को बढ़ावा देना था।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में श्रीमती कल्पना सक्सेना ने कहा कि आधुनिक तकनीकी युग में कंप्यूटर दक्षता पुलिस बल की कार्यकुशलता और प्रभावशीलता को नई दिशा दे रही है। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में भी अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सेनानायक एवं आयोजन सचिव दिनेश यादव ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। समारोह में उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार, सहायक सेनानायक अन्विता उपाध्याय, शिविरपाल जयेंद्र कुमार गंगवार, सूबेदार मेजर मोमराज सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में 47वीं वाहिनी की जीत से पूरे परिसर में उत्साह और हर्ष का माहौल रहा तथा प्रतिभागियों ने इस उपलब्धि को टीमवर्क और सतत प्रशिक्षण का परिणाम बताया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने