यातायात व्यवस्था और जनसुविधाओं को परखा
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने सोमवार को दुहाई इंटरचेंज टोल प्लाजा का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। एनएच-58 और मेरठ रोड को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण इंटरचेंज प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही का प्रमुख केंद्र है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने टोल प्लाजा पर वाहनों की सुचारु आवाजाही, यातायात प्रबंधन तथा यात्रियों को होने वाली संभावित असुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टोल पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक जाम न लगे और यात्रियों को निर्बाध एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले। जिलाधिकारी ने टोल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था, गैलरियों की स्थिति तथा सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। साथ ही परिसर में चल रहे वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिले में जनहित से जुड़े स्थलों का नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर यातायात व्यवस्था, सुरक्षित सफर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। प्रशासन का उद्देश्य आमजन को सुविधाजनक और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था प्रदान करना है।
Tags
गाजियाबाद