गाजियाबाद में एक के बाद एक आग की घटनाओं से मचा हड़कंप, कई फैक्ट्रियां और वर्कशॉप आग की चपेट में

प्रिंटिंग प्रेस, केमिकल फैक्ट्री, वाहन वर्कशॉप और खंडहर बिल्डिंग में लगी आग, दमकल विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू


गाजियाबाद।
भीषण गर्मी के बीच गाजियाबाद में मंगलवार और बुधवार को आग लगने की लगातार कई घटनाओं ने प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ा दी। जिले के अलग-अलग इलाकों में प्रिंटिंग फैक्ट्री, केमिकल फैक्ट्री, वाहन वर्कशॉप और एक खंडहर बिल्डिंग में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी घटनाओं में समय रहते दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कवि नगर इंडस्ट्रियल एरिया की प्रिंटिंग फैक्ट्री में लगी भीषण आग: सबसे पहले मंगलवार शाम करीब चार बजे कवि नगर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ओमेगा प्रिंटिंग प्रेस में अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में प्रिंटिंग इंक और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही घंटाघर कोतवाली, वैशाली, लोनी और साहिबाबाद समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की भयावहता को देखते हुए एक दर्जन से अधिक फायर टेंडर और फोम टेंडर बुलाने पड़े। तंग गलियों और फैक्ट्री परिसर की स्थिति के कारण शुरुआती दौर में आग बुझाने में दिक्कतें आईं, लेकिन करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल सिंह ने बताया कि समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है।
बुलंदशहर 
रोड इंडस्ट्रियल एरिया की केमिकल फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी: इसी क्रम में बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में भी भीषण आग लग गई। केमिकल के संपर्क में आते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में दूर तक काला धुआं फैल गया। फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई और सभी ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर घंटाघर कोतवाली से पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए नोएडा, मोदीनगर और वैशाली से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाना पड़ा। आग बुझाने के लिए वाटर ब्राउजर और फोम टैंकर का इस्तेमाल किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि आग लगने की सूचना शाम 4:02 बजे प्राप्त हुई थी। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल मौके पर कूलिंग का कार्य जारी है ताकि आग दोबारा न भड़क सके। प्रारंभिक जांच में यहां भी शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
हिंडन 
विहार क्षेत्र के वाहन वर्कशॉप में आग, कई गाड़ियां चपेट में : बुधवार तड़के हिंडन विहार क्षेत्र स्थित न्यू बस स्टैंड के पास एक वाहन वर्कशॉप में भीषण आग लग गई। सुबह करीब पांच बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास स्थित न्यू ऑटो लाइफ मोटर्स वर्कशॉप में आग लगी है। दमकल विभाग की टीम दो फायर टैंकर और एक वाटर ब्राउजर के साथ मौके पर पहुंची। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि वर्कशॉप के अंदर खड़ी गाड़ियां उसकी चपेट में आने लगीं। फायर कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए दो हौज पाइप के जरिए आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। वर्कशॉप में मौजूद छह गाड़ियों में से तीन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि अन्य वाहन प्रभावित हुए। दमकल विभाग की सतर्कता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
इंदिरापुरम की खंडहर बिल्डिंग में लगी आग: 
इसी कड़ी में बुधवार दोपहर इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अहिंसा खंड-2 स्थित अपेक्स बिल्डिंग के पास एक खंडहर पड़ी बिल्डिंग में आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ऊंची लपटों के साथ काला धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बिल्डिंग के अंदर पड़े कबाड़ या अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग लगी होगी।
लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता: 
लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं ने जिले में औद्योगिक सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फायर विभाग का कहना है कि गर्मी के मौसम में शॉर्ट सर्किट, ज्वलनशील पदार्थों का असुरक्षित भंडारण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी आग लगने की प्रमुख वजह बन रही है। अधिकारियों ने फैक्ट्री संचालकों और आम लोगों से बिजली उपकरणों की नियमित जांच कराने, अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने