पति ने उगला सच-पहले फांसी पर लटकाया, फिर दम घोंटकर मार डाला
गाजियाबाद। मुरादनगर में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने पत्नी सोनिया की हत्या के आरोप में उसके पति प्रविंद्र, भाई विनोद और मामा ब्रह्मपाल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिला की हत्या की, शव को जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया और बाद में अवशेष तालाब में फेंक दिए। पुलिस के अनुसार, यह घटना 29 जनवरी की है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र निवासी संदीप कुमार ने 7 जून को अपनी बहन सोनिया के अपहरण और हत्या के संबंध में अपने जीजा प्रविंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच तेज की और मंगलवार को मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी पति प्रविंद्र ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने भाई विनोद के साथ मिलकर सोनिया की हत्या की थी। आरोप है कि पहले उसे फांसी के फंदे पर लटकाया गया। फंदे से उतारने पर जब उसकी सांसें चल रही थीं, तब तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घरेलू विवाद और पारिवारिक कलह के चलते उसने यह कदम उठाया।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बेड के बॉक्स में छिपा दिया। इसके बाद शव को मुजफ्फरनगर के सिंगलपुर गांव स्थित ननिहाल ले जाया गया। आरोप है कि वहां शव को उपलों के ढेर (बिटौरे) में रखकर जला दिया गया। बाद में हड्डियों और अन्य अवशेषों को गांव के तालाब में फेंक दिया गया, ताकि घटना का कोई सबूत न बच सके।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गांव के तालाब से मृतका के अवशेष बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को जांच के लिए भेजा गया है। एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत हत्या को अंजाम दिया और शव को ठिकाने लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि पति प्रविंद्र, उसके भाई विनोद और मामा ब्रह्मपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
12 साल पहले सोनिया से हुई थी शादी: आरोपी प्रविन्द्र ने पूछताछ में अपनी शादी के बारे में बताया। उसकी शादी करीब 12 वर्ष पहले सोनिया से हुई थी। उनके दो बेटियां हैं। प्रविन्द्र के अनुसार, सोनिया को जल्दी गुस्सा आता था। वह छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करती रहती थी। एक बार सोनिया झगड़ा करके अपने मायके चली गई थी। उसने प्रविन्द्र और उसके परिवार के खिलाफ दहेज की प्राथमिकी दर्ज करवा दी थी। प्रविन्द्र और उसके परिवार वालों ने राजीनामा करके सोनिया को घर वापस ले आए। प्राथमिकी दर्ज में भी राजीनामा हो गया था। इसके बाद सोनिया ने गांव में रहने से मना कर दिया। उसने गांव से बाहर किसी दूसरी जगह रहने की इच्छा जताई। प्रविन्द्र के भाई विनोद ने मुरादनगर के मोहल्ला सूर्या विहार हिसाली में मकान बना रखा था। प्रविन्द्र अपने बच्चों और पत्नी के साथ करीब अगस्त-सितंबर 2025 में वहां रहने लगा। कुछ दिन तक सोनिया का व्यवहार ठीक रहा। बाद में वह फिर छोटी-छोटी बातों पर लड़ने लगी।
'बच्चों को पीटने पर मां ने रोका तो सोनिया ने उसे भी पीटा': प्रविन्द्र की मां बदो देवी भाई विनोद के पास रहती थीं। एक दिन सोनिया बच्चों को पीट रही थी। मां ने बच्चों को मारने का विरोध किया तो सोनिया ने मां के साथ मारपीट की। शाम को प्रविन्द्र घर लौटा तो भाई और मां ने उसे घटना बताई। जब प्रविन्द्र ने सोनिया से मां को मारने का कारण पूछा, तो सोनिया ने उसे धक्का दिया और दो थप्पड़ मारे। इस घटना के बाद प्रविन्द्र ने सोनिया को मारने का मन बना लिया था। सोनिया छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज और बेइज्जत करती थी। वह प्रविन्द्र को जान से मारने की धमकी भी देती थी।
Tags
गाजियाबाद