गाजियाबाद। मुरादनगर विकास खंड कार्यालय परिसर में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 40 जोड़ों का विवाह एवं निकाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाज कल्याण विभाग द्वारा किया गया, जिसमें नवदंपतियों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता और उपहार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह महत्वाकांक्षी योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को कुल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में जमा किए जाते हैं, 21 हजार रुपये के उपहार दिए जाते हैं और 15 हजार रुपये कार्यक्रम के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं। विधायक ने कहा कि इस योजना से गरीब किसान, मजदूर और वंचित वर्ग को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं समृद्ध दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकास खंड कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पांडेय और जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में कुल 40 जोड़ों में से 35 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया, जबकि 5 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित समाज कल्याण विभाग एवं विकास खंड के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Tags
गाजियाबाद