यमुना एक्सप्रेस-वे पर विधायक की एस्कॉर्ट गाड़ी हादसे का शिकार, दरोगा की मौत

मथुरा/नोएडा।
 
यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मांट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजेश चौधरी की सुरक्षा में लगी एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात उप-निरीक्षक यानि दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा जेवर क्षेत्र के पास उस समय हुआ जब विधायक का काफिला जेवर एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। उन्हें वहां से लखनऊ के लिए उड़ान पकड़नी थी। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड पर आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से बचने के प्रयास में पुलिस की बुलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की फेंसिंग से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विधायक राजेश चौधरी ने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाकर मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकलवाया।
दुर्घटना में घायल उप-निरीक्षक राजेंद्र सिंह यादव को तत्काल नोएडा के कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा) बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दिवंगत उप-निरीक्षक की सेवानिवृत्ति में मात्र दो महीने शेष थे। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस-वे पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार के कारण होने वाले हादसों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने