ऑपरेशन प्रहार में पकड़े गए नशे के सौदागर, महिला का लंबा आपराधिक इतिहास
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के तहत थाना विजयनगर पुलिस ने "ऑपरेशन प्रहार" के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4.200 किलोग्राम अवैध गांजा और 1300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने विजयनगर क्षेत्र स्थित धारा स्कूल के पास बनी झोपड़ी से दीपा निवासी – धारा स्कूल के पीछे, माधोपुरा, थाना विजयनगर, गाजियाबाद और अजय कुमार मूल निवासी –मकान संख्या 213-ए, न्यू कोटगांव, थाना कोतवाली, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया। अजय फिलहाल दीपा के मकान में रह रहा था। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 4 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़ियां बनाते थे। इसके बाद इन पुड़ियों को अपने सहयोगियों के माध्यम से रेलवे स्टेशन और आर्मी ग्राउंड के आसपास राहगीरों को बेचवाया जाता था। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शुक्रवार को भी गांजा बेचने की तैयारी में थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार महिला आरोपी दीपा के खिलाफ कमिश्नरेट गाजियाबाद में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें 10 मुकदमे एनडीपीएस एक्ट, 3 मुकदमे आबकारी अधिनियम तथा 6 मुकदमे मारपीट से संबंधित हैं। वहीं, आरोपी अजय कुमार के खिलाफ थाना विजयनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह गिरफ्तारी थाना विजयनगर पुलिस टीम द्वारा "ऑपरेशन प्रहार" के तहत की गई है।
Tags
गाजियाबाद
