बेसमेंट की खुदाई से पड़ोसी मकान में आई दरार, लोगों का हंगामा

सख्त कार्रवाई की मांग, जीडीए ने रुकवाया निर्माण कार्य


गाजियाबाद।
विजयनगर सेक्टर-9 में बेसमेंट की खुदाई के दौरान कथित लापरवाही के चलते पड़ोसी मकान की दीवार में दरार आने से हड़कंप मच गया। गुरुवार को हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और निर्माण कार्य पर सवाल उठाए। सूचना मिलने पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल खुदाई का कार्य रुकवा दिया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सेक्टर-9 स्थित एक भूखंड पर पिछले कई महीनों से बेसमेंट निर्माण का कार्य चल रहा है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य स्वीकृत नक्शे और निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा था। इस संबंध में कई बार जीडीए अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
निवासियों का कहना है कि निर्माणकर्ता को पड़ोसी मकान की दीवार से पर्याप्त दूरी छोड़कर कॉलम निर्माण करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इन निर्देशों की अनदेखी करते हुए मनमाने ढंग से खुदाई शुरू कर दी गई। गुरुवार को खुदाई के दौरान पड़ोसी मकान के नीचे की मिट्टी खिसक गई, जिससे मकान की दीवार में दरार पड़ गई। घटना के बाद प्रभावित परिवार ने विरोध जताया, जिसके समर्थन में आसपास के लोग भी सड़क पर उतर आए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलने पर जीडीए के जोन-4 की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने निरीक्षण कर निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। साथ ही क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत कराई गई और जहां से मिट्टी खिसकी थी, वहां भराव का कार्य भी कराया गया।
जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि बेसमेंट की खुदाई के दौरान पड़ोसी मकान की दीवार में दरार आने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलने के बाद टीम को मौके पर भेजा गया, जिसने आवश्यक मरम्मत कार्य कराया। उन्होंने बताया कि यह भी जांच की जा रही है कि बेसमेंट की खुदाई निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानकों के अनुरूप की जा रही थी या नहीं। अपर सचिव ने बताया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसमेंट निर्माण कराने वालों के खिलाफ विजयनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने