लोनी के चर्चित ओमकार हत्याकांड में बड़ा खुलासा: 50 हजार का इनामी आरोपी मोहित गिरफ्तार

अब तक 17 आरोपी जेल में, आरोपी की निशानदेही पर बागपत की नहर में शव की तलाश तेज, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की मदद मांगी

गाजियाबाद।
लोनी थाना क्षेत्र के चर्चित दूध कारोबारी ओमकार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शुक्रवार को 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि ओमकार की हत्या के बाद उसका शव बागपत क्षेत्र की एक नहर में फेंक दिया गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव की तलाश के लिए व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। शुक्रवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। मामले में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मोहित तक पहुंची। उसे निठौरा गेट के पास उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह अपने गांव लौट रहा था
पंचायत की रंजिश बनी हत्या की वजह: पुलिस पूछताछ में आरोपी मोहित ने बताया कि 20 मई को ओमकार के बेटे और गोपाल के बीच हुए विवाद में उसका नाम सामने आया था। इसके बाद 29 मई को हुई पंचायत के दौरान ओमकार द्वारा सौरभ और उसके पिता के साथ मारपीट की गई थी। इसी रंजिश के चलते ओमकार की हत्या की साजिश रची गई। आरोपी के अनुसार सौरभ, गोपाल, गौरव और अन्य साथियों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। 30 मई को सभी आरोपी एकत्र हुए, शराब पी और ओमकार की गतिविधियों पर नजर रखने लगे। सुबह जब ओमकार चारा लेने निकला तो आरोपियों ने उसका पीछा किया।
निठौरा अंडरपास के पास वारदात:
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने निठौरा अंडरपास के पास ओमकार की बाइक को रोक लिया और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हत्या के बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर बागपत की ओर ले जाया गया। आरोपी ने बताया कि पहले पूरामहादेव रोड स्थित नहर में शव फेंकने की योजना थी, लेकिन वहां लोगों की आवाजाही होने के कारण वे आगे बढ़ गए। बाद में पूठखास पुल के समीप नहर के अंदर करीब 500 मीटर आगे जाकर शव को पानी में फेंक दिया गया।
सात गोलियां मारने का आरोप:
पुलिस जांच में सामने आया है कि 30 मई को ओमकार को सात गोलियां मारी गई थीं। इसके बाद उसका अपहरण कर शव को ठिकाने लगा दिया गया। घटना के बाद से ही ओमकार लापता था, जिससे गनौली गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी तनाव का माहौल बना हुआ था।
शव बरामदगी के लिए चल रहा सर्च ऑपरेशन: डीसीपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर बागपत क्षेत्र में चार पुलिस टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। शव की बरामदगी के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की सहायता भी मांगी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद शव बरामद करने और मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा करने में मदद मिलेगी।
17 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल: पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मोहित की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई और महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। फिलहाल पुलिस शव की तलाश और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने