ओमकार हत्याकांड : दो 50 हजार के इनामी समेत आठ गिरफ्तार

अब तक 28 आरोपी पहुंच चुके सलाखों के पीछे,  शव अब भी लापता

गाजियाबाद।
बहुचर्चित ओमकार अपहरण एवं हत्याकांड में लोनी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 50-50 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच को आगे बढ़ाया है। इस सनसनीखेज वारदात में अब तक कुल 28 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। हालांकि घटना के कई दिन बाद भी मृतक ओमकार का शव बरामद नहीं हो सका है। 
जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को ग्राम गनौली निवासी सुरेंद्र ने लोनी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनके पुत्र ओमकार, जो डेयरी व्यवसाय से जुड़े थे, का गोली मारकर अपहरण कर लिया गया है। शिकायत में गौरव, सौरभ उर्फ भोला, गोपाल, मोहित समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया था। परिजनों के अनुसार आरोपियों ने ओमकार को गोली मारने के बाद जबरन वाहन में डालकर अपने साथ ले गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर लगातार गिरफ्तारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने 5 जून को 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहित पुत्र मुकुट पंडित को गिरफ्तार किया था। वहीं शनिवार तड़के निठोरा रोड पर पुलिस मुठभेड़ के दौरान दूसरे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी गौरव पुत्र विजेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। 
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उनका विपक्षी पक्ष से पुराना विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते सुनियोजित षड्यंत्र के तहत ओमकार के अपहरण और हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।  इस बीच मामले का सबसे बड़ा रहस्य बने ओमकार के शव की तलाश जारी है। पुलिस को आशंका है कि शव को गंगनहर में फेंका गया है। इसी के चलते शुक्रवार दोपहर से गंगनहर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक शव बरामद नहीं हो सका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में अब तक 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी सौरभ उर्फ भोला, गोपाल तथा एक अन्य गौरव अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने