हुंडई वेन्यू कार, बाइक और डीजी सेट समेत भारी नुकसान
गाजियाबाद। साहिबाबाद साइट-4 स्थित एक फर्नीचर निर्माण इकाई में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से फैक्ट्री में रखा भारी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। देखते ही देखते आग इतनी भीषण हो गई कि फैक्टरी से निकलती लपटें काफी दूर से दिखाई देने लगीं। स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की फैक्टरी और घरों से लोग बाहर निकले और दूर पहुंचे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग 4:55 बजे सूचना मिली कि साइट-4 स्थित प्लॉट संख्या 534-सी में संचालित एसएस फर्नीचर सोफा होम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर देखा गया कि सोफा निर्माण इकाई में आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
आग की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर फायर स्टेशन वैशाली से दो अतिरिक्त वाटर ब्राउज़र भी मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने चारों ओर से आग को घेरकर बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण फैक्ट्री का टिन शेड गिर गया, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। टिन शेड हटाने के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाया। फायर विभाग की तत्परता और सूझबूझ के चलते आग को आसपास के आवासीय भवनों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय फैक्ट्री स्वामी सादुल पुत्र रफीक उल मौके पर मौजूद नहीं थे।
इस अग्निकांड में एक हुंडई वेन्यू कार, मोटरसाइकिल, डीजी सेट सहित फैक्ट्री में रखा अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। आग बुझाने के बाद फायर विभाग ने स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और सभी यूनिटों को वापस रवाना कर दिया।
Tags
गाजियाबाद

